शिमला
देश भर में 73वें गणतंत्र दिवस समारोह की धूम रही तो वहीं प्रदेश में भी गणतंत्र का ये पर्व हर्षोल्लास व उत्साह के साथ मनाया गया। हिमाचल की राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर तिरंगा फहराया और मार्च पास्ट की सलामी ली।
इस अवसर पर राज्यपाल ने परेड का निरीक्षण किया और परेड कमांडर 2 नागा रेजिमेंट जतोग के कैप्टन गुरदेव सिंह के नेतृत्व में भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली।इस अवसर पर मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर और उनकी धर्मपत्नी डाॅ.साधना ठाकुर भी विशेष तौर पर उपस्थित रहे ।मार्च पास्ट में सेना,भारत तिब्बत सीमा पुलिस, हिमाचल प्रदेश सशस्त्र पुलिस, राज्य पुलिस, गृह रक्षक, अग्निशमन सेवाएं और हिमाचल प्रदेश डाक सेवाएं, आपदा प्रबन्धन, पूर्व सैनिक, एन.सी.सी. व एन.एस.एस. कैडेट्स शामिल रहे।
इस मौके पर गणतंत्र दिवस समारोह में विभिन्न विभागों की विकासात्मक गतिविधियों को दर्शाती झांकियां भी प्रस्तुत की गईं। नागा रेजिमेंट की ओर से प्रस्तुत ड्रिल भी सराहनीय रही।
बर्फबारी और खराब मौसम के चलते सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन शिमला के गेयटी थियेटर में किया गया। सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के कलाकारों ने कोविड महामारी से संबंधित एक जागरूकता कार्यक्रम और लघु नाटिका प्रस्तुत की। उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र (पंजाब) के कलाकारों ने भांगड़ा और जिन्दुआ की प्रस्तुती दी, जोकि सभी के आकर्षण का केन्द्र रही।
ग्रामीण विकास विभाग और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की झांकियों को संयुक्त रूप से प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। नगर निगम शिमला को दूसरा और शिक्षा विभाग की झांकी को तीसरा पुरस्कार प्राप्त हुआ। राज्यपाल ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की उपस्थिति में पुरस्कार प्रदान किए।
राज्यपाल ने सरकारी क्षेत्र में महात्मा गांधी स्वास्थ्य सेवा संस्थान खनेरी रामपुर को तथा लाॅयन रियोन डायलेसिस एवं हेल्थ केयर सेंटर न्यू शिमला को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के बेहतर संचालन के लिए सम्मानित किया।
इस अवसर पर शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, नगर निगम महापौर सत्या कौंडल, विधायक बलबीर वर्मा, मुख्य सचिव राम सुभग सिंह, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू और विभिन्न प्रशासनिक, पुलिस और सेना के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

More Stories
बीपीएल सूची के नाम काटना, गरीबों को योजनाओं से बाहर करने का संगठित षड्यंत्र : राकेश जमवाल
मंडी से ऊना तक चलेगा जनजागरण अभियान, वरिष्ठ नेता करेंगे प्रेस वार्ताओं को संबोधित : भाजपा
मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की मृतक छात्रा के परिजनों को ढांढस बंधाया, दोषियों के खिलाफ की जाएगी कड़ी कार्रवाई का दिया आश्वासन