August 10, 2026

सतपाल और मीना सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से हुए सेवानिवृत

शिमला
सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के गिरिराज साप्ताहिक के संपादक सतपाल और निदेशालय में कनिष्ठ आशुलिपिक के पद पर कार्यरत रही मीना आज सेवानिवृत्त हो गए। सतपाल ने 09 अक्तूबर, 1995 को उप-संपादक के पद पर विभाग में सेवाएं आरम्भ की थी और अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न पदों पर रहते हुए सराहनीय सेवाएं प्रदान कीं। इसी तरह मीना कुमारी ने 04 जनवरी, 1988 को आशुटंकक के पद पर विभाग में सेवाएं आरम्भ कर अपने सेवाकाल के दौरान विभिन्न पदों पर रहते हुए ईमानदारी व कर्तव्यनिष्ठा से कार्य किया। सेवानिवृत्ति के अवसर पर सतपाल और मीना कुमारी के सम्मान में सूचना एवं जन सम्पर्क निदेशालय, शिमला में विदाई समारोह कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर निदेशक सूचना एवं जन सम्पर्क किरण भड़ाना ने सतपाल और मीना कुमारी द्वारा प्रदान की गई सेवाओं की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ जीवन और दीर्घायु की कामना की। किरण ने कहा कि कर्तव्य निष्ठा और समर्पण भाव से दी गई सेवाएं सदैव अन्य कर्मचारियों के लिए अनुकरणीय होती हैं।
इस मौके पर संयुक्त निदेशक प्रदीप कंवर, महेश पठानिया, उप-निदेशक (तकनीकी) उत्तम चंद कौंडल और विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।