शिमला पुलिस चैकियों को यातायात के बेहतर संचालन के लिए आधुनिक उपकरण वितरित

शिमला
राजधानी में यातायात व्यवस्था को सुचारू व सुदृढ़ बनाने के लिए स्मार्ट उपकरण अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होंगे।
शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत शिमला नगर की समस्त पुलिस चौकियों को यातायात के बेहतर संचालन के लिए आधुनिक उपकरण वितरण कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ये विचार व्यक्त किए।

इस कड़ी में शहरी विकास मंत्री ने आज पुलिस कंट्रोल रुम के तत्वाधान् मे करीब 60 लाख रुपये के आधुनिक उपकरणों का वितरण किया और उन्हें हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।
इस दौरान भारद्वाज ने कहा कि इन उपकरणों के तहत एल्को सेंसर, लेजर स्पीड गन, बाॅडी वोर्न कैमरा, स्पीड बोर्ड तथा इलेक्ट्रिक स्कूटर (सेगवेज़) आधुनिक उपकरण वितरित किए गए हैं। इन उपकरणों से पुलिस विभाग को बढ़ती गाड़ियों के कारण यातायात सुविधा सुचारू करने में बेहद मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत ओवर ब्रिज, पैदल मार्ग और बुजुर्गों के लिए पार्क, शहरों में सड़कों को चैड़ा करने का कार्य, गलियों के रखरखाव, सड़कों के रख-रखाव तथा पानी, बिजली की आॅनलाईन सुविधाएं तथा शहर में लगभग सभी वार्डों में गाड़ियों को पार्क करने के लिए पार्किंग की सुविधाएं भी प्रदान की जा रही है।
उन्होंने कहा कि ढली से संजौली सुरंग का कार्य तेजी से चल रहा है। इस सुरंग के बनने से संजौली में लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिल सकेगी। उन्होंने थाना प्रभारी ढली, न्यू शिमला, थाना प्रभारी पूर्व, पश्चिम तथा थाना प्रभारी सदर को एल्को सेंसर और बॉडी वॉर्न कैमरा के आधुनिक उपकरण प्रदान किए तथा इन उपकरणों के माध्यम से शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए उपरोक्त थाना प्रभारियों को निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शिमला मोनिका भटुंगरू द्वारा शहरी विकास मंत्री को इन नवीनीकरण उपकरणों के विषय में विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा शहर में इन उपकरणों से होने वाली यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के विषय में विस्तृत जानकारी प्रदान की।