यूक्रेन में अभी भी हिमाचल के 317 विद्यार्थी, सभी को सकुशल वापिस लाएंगे : मुख्यमंत्री

शिमला

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज शिमला से रूस-यूक्रेन संघर्ष के कारण यूक्रेन में फंसे विद्यार्थियों और उनके माता-पिता के साथ वर्चुअल माध्यम से संवाद किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने यूक्रेन में फंसे बच्चों को यूक्रेन में भारतीय दूतावास के दिशानिर्देशों का पालन करने को लेकर समझाते हुए उन्हें, दूतावास के अधिकारियों और अपने-अपने संस्थानों के प्रबंधन से परामर्श के उपरान्त ही अपना स्थान छोड़ने की सलाह दी। मुख्यमंत्री ने यूक्रेन से स्वदेश लौटे हिमाचल के विद्यार्थियों से भी बात की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यूक्रेन में हिमाचल के 317 विद्यार्थी फंसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व हिमाचल प्रदेश सरकार विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित है और उनकी सकुशल वापसी के लिए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।