दो दिन में जहरीली शराब पीने से 7 लोगों की मौत मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

मंडी
मंडी जिला के सुंदरनगर में अवैध शराब पीने से 7 लोगों की हुई मौत मामले में वीरवार को पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। धर्मशाला में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा मामले पर जांच के आदेश दिए जाने के बाद हिमाचल प्रदेश पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने सुंदरनगर पहुंच कर मामले की जांच कर रही एस.आई.टी टीम से फीडबैक लिया। वहीं प्रदेश पुलिस द्वारा मामले में अनुभवी और राष्ट्रीय जांच एजेंसी एन.आई.ए में कार्य कर चुके आई.पी.एस अरविंद दिग्विजय नेगी को भी जांच के लिए गठित एस.आई.टी का सदस्य बनाकर मामले पर गंभीरता दिखाई है ।
उधर एस.पी मंडी शालिनी अग्निहोत्री के अनुसार एस.आई.टी मामले पर गंभीरता से जांच कर रही है। अपराध स्थल का दौरा, संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी, आपत्तिजनक सामग्री को जब्त करने और संदिग्ध व्यक्तियों से लगातार पूछताछ की जा रही है।