शिमला
राजधानी में रोजाना ट्रैफिक जाम की चिकचिक और नशाखोरी के बढ़ते मकड़जाल से हर कोई परेशान है । ऐसे में आम जनता, प्रशासन और सरकार से इन समस्याओं से निजात दिलाए जाने की आस के साथ जनता के नुमाइंदों से इस दिशा में सुधार की उम्मीद लगाए बैठी है।
इसी कढ़ी में इन समस्याओं के संदर्भ में आज शिमला शहरी विधायक हरीश जनारथा ने बचत भवन में शहर के पुलिस थाना प्रभारी एवं उप-पुलिस अधीक्षक, ट्रैफिक डीएसपी शहरी के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
इस बैठक में राजधानी में यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने व दिनबदिन बढ़ती नशाखोरी की समस्या पर गहनता से विचार मंथन किया गया और क्रिसमस और न्यू ईयर के नजदीकी मौकों पर पर्यटकों की आमद के साथ इस समस्या को किस तरह मैनेज किया जाए इन मुद्दों पर विधायक द्वारा पुलिस अधिकारियों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में विधायक हरीश जनारथा ने शहर में युवाओं में बढ़ती नशाखोरी की समस्या के निदान में सामुदायिक भागीदारी निभाए जाने के साथ-साथ पुलिस सतर्कता पर जोर देते हुए समाज में सकारात्मक संदेश देकर नशा निवारण केन्द्रों में पारदर्शिता एवं आधुनिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और महत्व पर प्रकाश डाला।
इस दौरान उन्होंने शहर में यातायात व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा के संदर्भ में विस्तृत चर्चा की और स्थानीय लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की भी अपील की। जनारथा ने कहा कि शहर में स्मार्ट सिटी के अंतर्गत गुणवत्ता से परिपूर्ण पार्किंग स्थलों एवं ओवर ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। इस बैठक में शहर के समस्त थाना प्रभारी एवं उप-पुलिस अधीक्षक सुनील नेगी विशेष तौर पर उपस्थित रहे।

More Stories
बीपीएल सूची के नाम काटना, गरीबों को योजनाओं से बाहर करने का संगठित षड्यंत्र : राकेश जमवाल
मंडी से ऊना तक चलेगा जनजागरण अभियान, वरिष्ठ नेता करेंगे प्रेस वार्ताओं को संबोधित : भाजपा
पंजाबी गायक गैरी संधू ने मुख्यमंत्री से की भेंट