शिमला
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर व मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज पीटरहॉफ शिमला से दूरदर्शन के डीडी हिमाचल चैनल की 24 घंटे प्रसारण सेवाओं का शुभारंभ किया।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री, युवा कार्य तथा खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का कार्यक्रम में पधारने पर स्वागत किया और प्रदेशवासियों को डीडी हिमाचल की सेवाएं चौबीस घंटे उपलब्ध होने पर शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान अनुराग ने अपने संबोधन में कहा कि यह हिमाचल के लिए ऐतिहासिक दिन है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य में दूरदर्शन चैनल का 24 घंटे प्रसारण शुरू हो रहा है। उन्होंने कहा कि इसमें आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। डीडी हिमाचल डीटीएच पर भी उपलब्ध होगा, जिसके माध्यम से प्रदेश की कला, संस्कृति, साहित्य, पर्यटन व धार्मिक स्थलों, खेल गतिविधियों तथा विभिन्न उपलब्धियों से संबंधित जानकारी देश और दुनिया तक पहुंचेंगी। उन्होंने कहा कि इस चैनल के माध्यम से हिमाचल प्रदेश में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और इसके लिए राज्य के पर्यटन विभाग के साथ मिलकर काम किया जाएगा। साथ ही, हिमाचल प्रदेश के लोक संगीत को भी एक बेहतरीन मंच प्राप्त होगा, जिसके लिए दूरदर्शन के प्रसिद्ध कार्यक्रम चित्रहार की तर्ज पर हिमाचली संगीत पर कार्यक्रम प्रसारित किया जाए।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि इस चैनल के माध्यम से देश की आजादी में भूमिका निभाने वाले देवभूमि के स्वतंत्रता सेनानियों तथा सेना में सेवाएं देने वाले वीर सैनिकों के साहस की शौर्य गाथाएं भी प्रस्तुत की जाएंगी। उन्होंने कहा कि डीडी हिमाचल पर आधे-आधे घंटे के तीन समाचार बुलेटिन प्रसारित किए जाएंगे। इसके अलावा प्रदेश में होने वाली विभिन्न गतिविधियों का इवेंट के रूप में लाइव प्रसारण किया जाएगा तथा हिमाचल प्रदेश से जुड़ी सभी जानकारियां डीडी हिमाचल पर उपलब्ध होंगी।
सांसद सुरेश कश्यप ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि डीडी हिमाचल का प्रसारण चौबीस घंटे होने से लोगों को बेहतरीन कार्यक्रम देखने को मिलेंगे और पूरी दुनिया को भी प्रदेश की समृद्ध संस्कृति के बारे में जानकारी प्राप्त होगी।
इससे पहले, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को सम्मानित किया। प्रसार भारती के सीईओ गौरव द्विवेदी ने सभी अतिथियों का कार्यक्रम में पधारने पर स्वागत किया।
इस अवसर पर उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, कृषि मंत्री चंद्र कुमार, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (आईटी) गोकुल बुटेल, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा, विधायकगण, दूरदर्शन के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

More Stories
बीपीएल सूची के नाम काटना, गरीबों को योजनाओं से बाहर करने का संगठित षड्यंत्र : राकेश जमवाल
मंडी से ऊना तक चलेगा जनजागरण अभियान, वरिष्ठ नेता करेंगे प्रेस वार्ताओं को संबोधित : भाजपा
मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की मृतक छात्रा के परिजनों को ढांढस बंधाया, दोषियों के खिलाफ की जाएगी कड़ी कार्रवाई का दिया आश्वासन