शिमला
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव परिणामों ने भाजपा को हिला कर रख दिया । आज हुई मतगणना में प्रदेश की कुल 68 विधानसभा सीटों में भाजपा 25 सीटों पर सिमट गई तो वहीं कांग्रेस 40 सीट पर विजयी रही । इसके साथ ही भाजपा के बागी 3 निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी जीत दर्ज की । हिमाचल विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर चुनाव लड़ने वाली आम आदमी पार्टी खाता तक खोलने में असफल रही।
कांग्रेस ने 40 सीटों पर जीत दर्ज करके सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत का आंकड़ा छू लिया है।
इस चुनाव में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सिराज सीट से रिकॉर्ड जीत हासिल की तो उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर जसवां से चुनाव जीते,जबकि सरकार के आठ मंत्री चुनाव हार गए । कैबिनेट मंत्री सरवीन चौधरी,सुरेश भारद्वाज,राजेंद्र गर्ग, डॉ.राजीव सैजल,रामलाल मारकंडा, डॉ.राजीव बिंदल को चुनाव में हार का मुंह देखना पड़ा। तीन सीटों पर भाजपा के बागी नालागढ़ से के.एल.ठाकुर, हमीरपुर से आशीष शर्मा और देहरा से होशियार सिंह चुनाव जीत चुके हैं।
उधर कांग्रेस विधायक दल और विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री हरोली,ज्वालामुखी से संजय रत्न,गगरेट से चैतन्य शर्मा,विक्रमादित्य,सुधीर शर्मा,पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर,सुखविंदर सिंह सुक्खू आदि दिग्गज चुनाव जीत चुके हैं।इस बीच कांग्रेस के चुनाव में जीत के बाद प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला शिमला पहुंच चुके हैं। पार्टी के जीते हुए विधायक में कोई टूट न हो, इसलिए इन्हें राज्य से बाहर ले जाने पर भी विचार किया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने यहां मीडिया से बातचीत में कहा कि वह पार्टी की जीत को लेकर पहले से आशान्वित थीं।पार्टी की आज ही एक महत्वपूर्ण बैठक होगी।बैठक कहां होगी,इसका उन्होंने खुलासा नहीं किया। राज्य में मुख्यमंत्री कौन होगा,इस सवाल पर उन्होंने कहा इस पर हाईकमान से विचार-विमर्श कर तय किया जाएगा। उधर,प्रतिभा सिंह और सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम मुख्यमंत्री के लिए आगे आए हैं।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव परिणाम नहीं बदल पाए रिवाज जयराम के दिग्गज हारे, कांग्रेस को मिला सत्ता का ताज

More Stories
बीपीएल सूची के नाम काटना, गरीबों को योजनाओं से बाहर करने का संगठित षड्यंत्र : राकेश जमवाल
मंडी से ऊना तक चलेगा जनजागरण अभियान, वरिष्ठ नेता करेंगे प्रेस वार्ताओं को संबोधित : भाजपा
मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की मृतक छात्रा के परिजनों को ढांढस बंधाया, दोषियों के खिलाफ की जाएगी कड़ी कार्रवाई का दिया आश्वासन