किसानों की फसलों को जंगली जानवरों की उजाड़ से बचा रहा रडार मोशन सेंसर युक्त स्मार्ट बल्ब

शिमला
फसलों को जंगली जानवरों की उजाड़ से बचाने के लिए अब स्मार्ट बल्ब रौशनी फैलाकर फसलों की पहरेदारी करेगा । अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मुहिम के तहत स्मार्ट बल्ब (रडार मोशन सेंसर युक्त) फसलों को जंगली जानवरों से बचाएगा ।
बाजार में सामान्य कीमत पर मिलने वाला ये स्मार्ट बल्ब खुद से 15 फ़ीट की रेंज में किसी के आने पर खुद-बखुद जगमगा उठेगा, इसे न तो चार्ज करने और न ही ऑन-ऑफ करने का झंझट होगा । केवल एक होल्डर में स्मार्ट बल्ब लगाकर बिजली से कनेक्ट करने की आवश्यकता रहेगी ।
349 रुपये की कीमत वाला 10 वाट का ये स्मार्ट बल्ब एक साल की गारंटी लिए होगा । कम जानकारी होने के चलते अभी तक किसान इससे अनभिज्ञ हैं । इस वर्ष इस स्मार्ट बल्ब की मांग में 15 फीसदी की वृद्धि दर्ज हुई है
शिमला व्यापार मंडल सदस्य व विद्युत उपकरण डिस्ट्रीब्यूटर विशाल सूद के मुताबिक किसानों के लिए ये स्मार्ट बल्ब काफी उपयोगी साबित हो रहा है। ऊना चंबा, कांगड़ा, रामपुर, रोहड़ू क्षेत्रों में इस स्मार्ट बल्ब की मांग बढ़ी है । सूद के मुताबिक स्मार्ट बल्ब जहां सेब,मक्की,मटर,आलू जैसी अनेक फसलों को मवेशियों और जंगली जानवरों भालू, सूअर, सायल की उजाड़ से बचा रहा है तो वहीं ये चोरी की वारदातों को रोकने में भी अहम भूमिका निभा रहा है ।