August 11, 2026

एम.सी चुनावी जंग में विजयश्री के लिए कांग्रेस सोशल मीडिया ब्रिगेड ने कसी कमर

शिमला
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पार्टी सोशल मीडिया सेवादल यंग ब्रिगेड के शिमला शहरी अध्यक्ष राजीव वर्मा ने सोशल मीडिया की अहम भूमिका के दम पर नगर निगम शिमला के आगामी चुनावों में कांग्रेस पार्टी की जीत का दावा किया है ।

कांग्रेस सोशल मीडिया के शहरी अध्यक्ष राजीव वर्मा के अनुसार जिस तरह पिछले चुनाव में कांग्रेस सोशल मीडिया टीम पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने अपनी मेहनत और लगन से कार्य किया उसी तरह अब नगर निगम शिमला के आगामी चुनावों में भी कांग्रेस की सोशल मीडिया ब्रिगेड दुगने जोश के साथ कार्य करके अपनी कार्यशैली के दम पर नगर निगम शिमला चुनावों में विजयश्री का मार्ग प्रशस्त करेगी।

राजीव वर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं व पदाधिकारियों के आदेशानुसार आने वाले समय में राजनीति के इस चुनावी युद्ध में कांग्रेस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बेहतर और प्रभावी सुधार करते हुए कुछ नई टीमें तैयार की जाएंगी ।

गौरतलब है कि पी.डब्ल्यू.डी मिनिस्टर विक्रमादित्य सिंह ने भी पूर्व में कांग्रेस सोशल मीडिया विंग को मजबूत किए जाने को आवश्यक करार दिया था ।

उधर भले ही भारतीय जनता पार्टी को विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा हो लेकिन भाजपा की सोशल टेक्निकल मीडिया टीम कांग्रेस के मुकाबले काफी मजबूत रही है ।

सूबे में स्थापित दोनों मुख्य दलों कांग्रेस और भाजपा नेताओं की चुनावी जंग हमेशा रोचक रही है तो वहीं कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम की मजबूती, आने वाले समय में चुनावी समर को और अधिक दिलचस्प बना डालेगी।