8 दिसम्बर को मतगणना केंद्र क्षेत्रों में प्रातः 4 बजे से वोटों की गिनती पूरी होने तक धारा -144 रहेगी लागू, राज्य की सीमाएं सील

शिमला
आठ दिसम्बर वीरवार को होने वाली मतगणना को लेकर सभी मतगणना केन्द्रों के क्षेत्र में धारा-144 लागू रहेगी। मतगणना से एक दिन पहले ही राज्य की सीमाएं सील कर दी गई हैं। जिला कांगड़ा, सिरमौर, सोलन, ऊना और चंबा के साथ लगती पड़ोसी राज्यों की सीमाओं पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) और हिमाचल प्रदेश पुलिस के अतिरिक्त जवान तैनात कर दिए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों से भी बाहरी राज्यों से प्रदेश में आने वालों पर नजर रखी जा रही है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने कहा कि राज्य, जिला और मण्डल स्तर पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ पहले ही बैठकें कर ली गई हैं और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उन्हें अपने मतगणना एजेंटों की प्रतिनियुक्ति करने के लिए भी कहा गया था। उन्होंने कहा कि मतगणना केन्द्रों के 100 मीटर की परिधि के भीतर किसी भी व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी तथा इस परिधि में केवल वे ही लोग जाने के लिए अधिकृत होंगे जिनके पास भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी वैध पहचान पत्र/पास होगा।
मतगणना के दृष्टिगत गुरूवार प्रातः 4 बजे से वोटों की गिनती पूरी होने तक धारा 144 लागू रहेगी। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियो को छोड़कर स्थानीय सीमा के भीतर कोई भी व्यक्ति हथियार या गोला-बारूद, धारदार हथियार या लाठी लेकर चलने पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। अधिसूचित मतगणना केन्द्रों के मुख्य द्वार के आस-पास किसी भी प्रकार की भीड़ को एकत्रित होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। राजनीतिक दलों के समर्थकों और अन्य व्यक्तियों को जो मतगणना केंद्रों में प्रवेश करने के लिए अधिकृत नहीं हैं, उन्हें मतगणना केंद्रों के मुख्य प्रवेश द्वार पर घूमने या इकट्ठा होने की अनुमति नहीं होगी।
हिमाचल प्रदेश में गुरुवार को ड्राई डे रहेगा। दिनभर शराब के ठेके बंद रहेंगे। बाहरी राज्यों से भी प्रदेश में शराब नहीं पहुंचेगी।

हिमाचल के सभी मतगणना केंद्र पर पत्रकारों के लिए अलग से मीडिया सेंटर बनाए गए हैं। इसके अलावा मतगणना के ताजा रुझान एवं परिणाम आम लोगों तक पहुंचाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने विशेष व्यवस्था की है। आयोग के वेब पोर्टल results.eci.gov.in/ रिजल्ट्स.ईसीआई.जीओवी.इन और वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से भी चुनाव परिणाम एवं रुझान तुरंत आम लोगों तक पहुंचेंगे। मोबाइल पर चुनाव आयोग की ऐप वोटर हेल्पलाइन के माध्यम से भी मतों की गिनती का रांउड वाइज रिजल्ट उपलब्ध रहेगा। इस ऐप को स्मार्टफोन में गूगल प्ले स्टोर से डाऊनलोड कर सकते हैं।