57 के हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर दी जन्मदिवस की बधाई

शिमला
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को उनके 57वें जन्मदिवस के अवसर पर उन्हें बधाई संदेश दिया।
प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा कि हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गत चार वर्षों में आमजन के कल्याण एवं हिमाचल के समग्र विकास हेतु सराहनीय कार्य किए हैं । प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के स्वस्थ जीवन एवं लंबी आयु के लिए भी कामना की।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुभकामनाओं के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप की शुभकामनाएं मेरे लिए अमूल्य है। आपके इन उर्जादायी शब्दों से मुझे देवभूमि हिमाचल की उन्नति एवं जनसेवा हेतु प्रेरणा मिली है । मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि मुझे आपका मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद सदैव मिलता रहेगा।
इधर शिमला में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के जन्मदिन के अवसर पर उनके चाहने वालों द्वारा बधाइयों का सिलसिला चलता रहा । इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं का भी शुभारंभ किया । अपने संबोधन में जयराम ठाकुर ने कोरोना की तीसरी लहर को लेकर चिंता जाहिर करते हुए कोविड नियमों की अनुपालना को आवश्यक करार दिया तो वहीं राजनीतिक हस्तियों व प्रदेश वासियों द्वारा उनके जन्मदिन की दी गई बधाइयों के लिए सबका आभार व्यक्त किया ।