शिमला
टोमैटो फ्लू पर स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी कर इसके अंतर्गत टोमैटो फ्लू की विस्तृत जानकारी दी है | स्वास्थ्य विभाग ने टोमैटो फ्लू को एक वायरल बीमारी बताते हुए इस बीमारी के बच्चों में देखे गए प्राथमिक लक्षणों को अन्य वायरल संक्रमणों के समान बताया है, जिसमें बुखार, चकत्ते और जोड़ों में दर्द जैसी शिकायत शामिल है। अन्य वायरल संक्रमणों की तरह इस रोग में भी थकान महसूस करना, मतली, उल्टी, दस्त, बुखार, निर्जलीकरण, जोड़ों की सूजन, शरीर में दर्द और आम इन्फ्लूएंजा जैसे लक्षण प्रकट होते हैं । बुखार शुरू होने के एक या दो दिनों बाद छोटे लाल धब्बे दिखाई देते हैं, जो पहले छाले और फिर अल्सर में बदल जाते हैं । स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि यद्यपि हिमाचल प्रदेश में अभी तक इस रोग का कोई भी मामला संज्ञान में नहीं आया है, फिर भी सतर्क व जागरूक होना आवश्यक है |
उन्होंने आगे जानकारी देते हुए बताया कि टोमैटो फ्लू एक स्व-सीमित संक्रामक रोग है क्योंकि इसके लक्षण कुछ दिनों के बाद खत्म हो जाते हैं । उन्होंने कहा कि यह रोग तथाकथित हाथ-पैर-मुंह की बीमारी का एक नैदानिक रूप है जो स्कूल जाने वाले बच्चों में सामान्यता पाया जाता है । शिशुओं और छोटे बच्चों को भी नैपिज़,अशुद्ध सतहों को छूने और चीजों को सीधे मुंह में डालने से इस संक्रमण के होने का खतरा बढ़ जाता है। यह बिमारी मुख्य रूप से 10 साल से कम उम्र के बच्चों में होती है, लेकिन यह वयस्कों में भी हो सकता है । अभी तक इस रोग की कोई विशिष्ट दवाएं उपलब्ध नहीं हैं ।
विभागीय प्रवक्ता ने बताया कि रोकथाम के लिए सबसे अच्छा उपाय उचित स्वच्छता है । आस-पास की ज़रूरी वस्तुओं और पर्यावरण को स्वच्छ रखने के साथ संक्रमित बच्चे के खिलौने, कपड़े, भोजन व अन्य सामान को गैर-संक्रमित बच्चों से साझा करने से रोकना चाहिए । उन्होंने बताया कि इस संबंध में कुछ आवश्यक निवारक उपाय हैं जिन्हें ध्यान में रखा जाना चाहिए जैसे संक्रमित व्यक्ति के तत्काल संपर्क में आने से बचें, अपने बच्चों को इस रोग के लक्षणों और इसके दुष्प्रभावों के बारे में बताएं, अपने बच्चे से कहें कि बुखार या दाने के लक्षण वाले बच्चों को गले न लगाएं और न ही उन्हें छुएं | इसके अतिरिक्त बच्चों को स्वच्छता बनाए रखने और अंगूठा या उंगली चूसने की आदत रोकने के लिए प्रोत्साहित करें। नाक बहने या खांसने की स्थिति में बच्चे को रूमाल का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए | उन्होंने कहा कि छाले को खरोंचें या रगड़ें नहीं और हर बार जब आप इन छालों को छूते हैं तो हाथों को साबुन से धो लें | बच्चों को खूब पानी, दूध या रस, जो कुछ भी वे पसंद करते हैं पीने के लिए प्रेरित करके उसे हाइड्रेटेड रखने की कोशिश करनी चाहिए | इम्युनिटी बढ़ाने के लिए पोषक तत्वों से भरपूर, संतुलित आहार लें | उपचार को बढ़ावा देने के लिए पर्याप्त आराम और नींद लेना आवश्यक है |
स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता ने कहा है कि इससे भयभीत होने की आवश्यकता नहीं, इसको लेकर आने वाली भ्रामक अफवाहों से बचें और सतर्क-सजग,जागरूक रह कर इस रोग के लक्षण दिखने पर नज़दीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करना आवश्यक समझें।
हिमाचल में टोमैटो फ्लू पर स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी, टोमैटो फ्लू एक वायरल बीमारी

More Stories
AIMSS चमियाना के गैस्ट्रोएंटोलॉजी विभाग की टीम ने 23 वर्षीय युवती के भोजन नली में फंसे सिक्के को सफलतापूर्वक निकालकर रचा इतिहास
चमियाणा और टांडा के बाद आईजीएमसी शिमला में शुरू होगी रोबोटिक सर्जरी: मुख्यमंत्री
नेरचौक मेडिकल कॉलेज में इसी वर्ष शुरू होगी रोबोटिक सर्जरी, एमआरआई के लिए 28 करोड़ रुपये, कैथ लैब के लिए 12 करोड़ किए जारी : मुख्यमंत्री