December 16, 2025

सोनिया गांधी तथा प्रियंका गांधी की मौजूदगी ने बढ़ाई कार्यक्रम की शोभा : प्रतिभा सिंह

शिमला
कांग्रेस संसदीय पार्टी की नेता सोनिया गांधी ने आज शिमला के ऐतिहासिक रिज पर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने वीरभद्र सिंह के जीवन पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षा प्रतिभा सिंह ने कहा कि यह खुशी की बात है आज वीरभद्र सिंह की मूर्ति का अनावरण हुआ है और हमारे लिए यह भावुक क्षण है। सोनिया गांधी तथा प्रियंका गांधी ने इस कार्यक्रम मे आकर शोभा बढ़ाई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू भी वीरभद्र सिंह की तरह सादगी का जीवन जीते हैं और लोगों के कल्याण के लिए दिन-रात प्रयासरत रहते हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सोनिया गांधी जबकि उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रियंका गांधी को सम्मानित किया।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी रजनी पाटिल, पूर्व प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, सह प्रभारी विदित चौधरी और चेतन चौहान, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट व दीपेंद्र हुड्डा, मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायकगण, विभिन्न बोर्डों और निगमों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायकों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।