शिमला
केंद्र में मोदी सरकार के आठ वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर मंगलवार को शिमला के रिज मैदान पर अयोजित राष्ट्रीय स्तर के गरीब कल्याण सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि पहले की तरह वोट बैंक नहीं, अब नव भारत निर्माण का काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज की भारत सरकार पहले की तरह माई बाप नहीं बल्कि सेवक है। प्रधानमंत्री के कहा कि पहले भ्रष्टाचार सिस्टम का जरूरी हिस्सा मान लिया गया था, योजनाओं का पैसा बीच में लुट कर 100 में से मात्र 15 पैसे ही गरीब तक पहुंचते थे लेकिन आज गरीब कल्याण में डीबीटी से सीधे गरीबों के खाते में पहुंचता है। मोदी ने अमृतकाल में सिद्धियों के लिए “हम सबका प्रयास” का मंत्र दिया । प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं संकल्प दोहराता हूँ कि मैं हर भारतवासी के सम्मान, सुरक्षा, समृद्धि व कल्याण के लिए काम करता रहूंगा । उन्होंने कहा कि आज देश की सीमाएं पहले से ज्यादा सुरक्षित हैं, आज का भारत विश्व में मजबूरी में दोस्ती के लिए नहीं बल्कि मदद देने के लिए हाथ बढ़ाता है। उन्होंने देश के प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने और मातृ भाषा में पढ़ाई शुरू किए जाने के प्रयास की बात कही। इस दौरान प्रधानमंत्री ने विभिन्न 16 केंद्रीय योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया व किसान सम्मान निधि की 11 वीं क़िस्त के तहत 10 करोड़ किसानों के खातों में 21 हजार करोड़ की राशि स्थानांतरित की।
इससे पूर्व प्रधानमंत्री ने मॉल रोड़ पर पैदल चलकर रोड़ शो के माध्यम से उपस्थित जन समूह का अभिवादन स्वीकार किया । लोगों में मोदी की एक झलक पाने के लिए भारी उत्साह देखा गया । रिज मैदान से प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में सरकार रिपीट न होने के रिवाज को भाजपा इस बार फिर सत्ता में आकर खत्म करेगी । मुख्यमंत्री ने गरीब कल्याण सम्मेलन के आयोजन के लिए शिमला को चुनने के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया । उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की उदारता व सहयोग से बीते साढ़े चार वर्षों में 10,000 करोड़ रुपये से अधिक की मिली केंद्रीय योजनाओं से प्रदेश लाभान्वित हुआ है।
प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व से प्रदेशवासी प्रभावित दिखाई दिए । साधारण लहजे में उन्होंने शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज के जाखू मंदिर जाने के आग्रह पर उनसे शिमला की धर्म प्रिय हस्ती के बारे में पूछ डाला कहा दीपक अभी भी पैदल जाते हैं क्या जाखू मंदिर। प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को लोकप्रिय मुख्यमंत्री व मित्र कहकर जयराम ठाकुर की पीठ थपथपाई । कोविडकाल में वैक्सीनेशन में अव्वल रहने के लिए भी मोदी ने जयराम ठाकुर की कार्यशैली की जमकर सराहना की ।
समारोह में राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर व अनुराग ठाकुर के अलावा प्रदेश सरकार के तीन मंत्री शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी व स्वास्थ्य मंत्री राजीव सैजल मौजूद रहे।
देवभूमि हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला पधारने पर प्रधानमंत्री का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत-अभिनंदन किया गया। प्रधानमंत्री के शिमला आगमन से संपूर्ण प्रदेश आनंदित और उत्साहित दिखा।

More Stories
बीपीएल सूची के नाम काटना, गरीबों को योजनाओं से बाहर करने का संगठित षड्यंत्र : राकेश जमवाल
मंडी से ऊना तक चलेगा जनजागरण अभियान, वरिष्ठ नेता करेंगे प्रेस वार्ताओं को संबोधित : भाजपा
मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की मृतक छात्रा के परिजनों को ढांढस बंधाया, दोषियों के खिलाफ की जाएगी कड़ी कार्रवाई का दिया आश्वासन