मूसलाधार बारिश ने मंडी, हमीरपुर, शिमला सहित कई क्षेत्रों में मचाई भारी तबाही, 3 की मौत 1 लापता, सीएम ने कहा मेरी संवेदनाएँ शोकाकुल परिवारों के साथ

शिमला

सोमवार बीती रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने मंडी, हमीरपुर, शिमला सहित कई क्षेत्रों में भारी तबाही मचाई है। धर्मपुर में एक व्यक्ति के लापता होने और निहरी में तीन लोगों के निधन का समाचार है । मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खु ने कहा कि यह आपदा की घड़ी में जिंदगियों का जाना अत्यंत दु:खद है । उन्होंने कहा कि दो लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आपदा की घड़ी में मेरी संवेदनाएँ शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। लापता व्यक्ति की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।

बारिश से जन-धन का भारी नुक़सान हुआ है। मैंने प्रशासन को सभी प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश दिए हैं।

सीएम ने कहा कि कल रात शिमला में स्वयं इस बारिश की भयावहता को महसूस किया। सचमुच, यह हमारे प्रदेश के लिए बेहद कठिन समय है। मौसम की बदली परिस्थितियों ने तबाही का नया मंज़र खड़ा कर दिया है, जिसे देखकर मन बेहद व्यथित है।

मैं प्रदेशवासियों को भरोसा दिलाना चाहता हूँ कि हम सब मिलकर इस संकट को पार करेंगे।

मौसम विभाग ने आज भी कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। आप सभी से निवेदन है कि प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित रहें।

– मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू