मुख्यमंत्री ने शिमला के दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल से कोविड -19 टीकाकरण अमृत महोत्सव अभियान का किया शुभारम्भ

शिमला
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज राजधानी शिमला के दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल से कोविड-19 टीकाकरण अमृत महोत्सव अभियान का आगाज किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान 15 जुलाई, 2022 से शुरू किया गया है और इस वर्ष 30 सितम्बर तक चलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान के अन्तर्गत आगामी 75 दिनों में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 51 लाख पात्र लोगों को निःशुल्क एहतियाती बूस्टर डोज लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने इस लक्ष्य को समय से पहले पूर्ण कर लिए जाने का विश्वास जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोविड-19 के खिलाफ 16 जनवरी, 2021 को राष्ट्र स्तरीय टीकाकरण अभियान शुरू किया था। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने देश में कोविड-19 के खिलाफ टीकाकरण की पहली और दूसरी डोज लगाने का कीर्तिमान स्थापित किया था, जिसकी प्रधानमंत्री ने भी सराहना की थी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने 6 दिसम्बर, 2021 को सभी पात्र लाभार्थियों को कोविड टीकाकरण की दूसरी डोज लगाने का लक्ष्य हासिल कर देशभर का प्रथम राज्य बनकर कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोविड-19 के बढ़ते मामलों की राज्य सरकार निरन्तर निगरानी कर रही है। उन्होंने लोगों से कोविड अनुरूप व्यवहार अपनाने और कोविड टीका लगवाने के लिए आगे आने का आग्रह किया। उन्होंने प्रदेशवासियों से एहतियाती खुराक लगवाने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में लगभग 11,500 बिस्तर क्षमता के साथ 48 पीएसए प्लांट, 3 एल.एम.ओ प्लांट, 18 हजार ऑक्सीजन सिलेंडर, 1014 वेंटिलेटर उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में वर्तमान में 25 सक्रिय कोविड केंद्र हैं, जिन्हे जरूरत के हिसाब से बढ़ाया जा सकता है।
इस अवसर पर उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह, प्रधान सचिव स्वास्थ्य शुभाशीष पन्डा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग निदेशक डॉ.अनीता महाजन, उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी शिमला डॉ. सुरेखा चोपड़ा सहित अनेक गणमान्य हस्तियां मौजूद रहीं।