चिकित्सकों ने मंडी में मुख्यमंत्री के समक्ष रखा अपना पक्ष, मांगों से करवाया अवगत

मंडी

हिमाचल प्रदेश चिकित्सा अधिकारी संघ का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से सर्किट हाउस मंडी में मिला। इस दौरान संघ के अध्यक्ष डॉ अनुपम बदन, संध के महासचिव डॉ दुष्यंत ठाकुर , मंडी इकाई के अध्यक्ष डॉ विकास ठाकुर , मंडी इकाई के महासचिव डॉ विजय राय, बिलासपुर जिला के महासचिव डॉ प्रदीप कुमार मंडी इकाई के मुख्य कार्यकारिणी समिति के सदस्य डॉ उमंग ठाकुर ,डॉक्टर भारत भूषण कोषाध्यक्ष मंडी इकाई डॉ विक्रांत धरवाल सदस्य मुख्य कार्यकारिणी समिति मंडी इकाई तथा जिला के विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया और मुख्यमंत्री के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए उन्हें अपनी मांगों से अवगत करवाया ।

तो वही इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने संघ की मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और प्रधान स्वास्थ्य सचिव को संघ के साथ शीघ्र वार्ता के आदेश दिए। हिमाचल प्रदेश चिकित्सा अधिकारी संघ ने निम्नलिखित मांगे मुख्यमंत्री महोदय के समक्ष प्रस्तुत की:
1. स्वास्थ्य निदेशक की सेवानिवृत्ति के बाद स्वास्थ्य निदेशक के पद को अब तक नहीं भरा गया है। स्वास्थ्य निदेशक के पद को संयुक्त निदेशकों में से किसी एक को पदोन्नत करके शीघ्र भरा जाए।
2. माननीय महोदय को हम अवगत कराना चाहते हैं कि फरवरी माह में भी हिमाचल प्रदेश चिकित्सक अधिकारी संघ ने प्रदेश सयुंक्त संघर्ष कमेटी के आह्वान पर संघर्ष का रास्ता अपनाया था लेकिन अब तक चिकित्सकों की मांगों को नहीं माना गया है । उस समय भी माननीय महोदय आपने हमारी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया था। इन सभी मांगों को लेकर सरकार ने एक कमेटी का गठन किया था किंतु अब तक उसका कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है। (प्रतिलिपि संलंगित)
i.) नये वेतन आयोग में चिकित्सकों का 4-9-14 का टाइम स्केल रोक दिया गया है इसे शीघ्र बहाल किया जाए।
ii.) साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की स्नातकोत्तर भत्ते की देय राशि कई वर्षों से नहीं बढ़ाई गई है इसमें भी शीघ्र वृद्धि की जाए।
iii.) मेडिकल कॉलेजों में सेवाएं दे रहे फैकेल्टी मेंबर्स को एकेडमिक एलाउंस अभी तक नहीं दिया गया है, इसकी देय राशि शीघ्र तय की जाए।
3. अनुबंध पर नियुक्त चिकित्सकों का ग्रेड पे का 150% मानदेय कुछ चिकित्सकों को नहीं दिया गया है। इस संदर्भ में संघ के सदस्य माननीय महोदय से पहले भी मिल चुके हैं और इस विषय के बारे अवगत करवाया है। हम माननीय महोदय का धन्यवाद करते हैं कि उन्होंने प्रदेश भर में सभी अनुबंध पर नियुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों को ग्रेड पे का 150% देय प्रदान किया लेकिन कुछ चिकित्सकों को आज तक देय प्राप्त नहीं हुआ है । महोदय से निवेदन है कि इस राशि को एरियर के साथ शीघ्र प्रदान किया जाए।
4. हिमाचल प्रदेश चिकित्सक संघ हमेशा से ही किसी भी चिकित्सक के सेवा विस्तार के विरोध में रहा है। प्रदेश में पहले से ही अधिकांश बेरोजगार युवा चिकित्सक मौजूद हैं। किसी भी चिकित्सक को सेवा विस्तार देना युवा चिकित्सकों के भविष्य के साथ खिलवाड़ होगा। जिन जिन चिकित्सा अधिकारियों को सेवा विस्तार दिया गया है उन्हें शीघ्र ही सेवानिवृत्त किया जाए।

चिकित्सकों ने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर एकजुट है और कल भी प्रदेश भर में डेढ़ घंटे का पेन डाउन 9:30 से 11:00 बजे तक जारी रहेगा। आज की आगे की रणनीति प्रदेश मुख्य कार्यकारिणी समिति के निर्देशानुसार और अगली बैठक के बाद अग्रिम रणनीति बनाई जाएगी।