चहेते विधायक को अपने बीच पाकर चहके वरिष्ठ नागरिक, सर आंखों पर बिठाया, जनारथा ने समस्याओं के समाधान का दिलाया भरोसा

शिमला

शिमला शहरी विधायक हरीश जनारथा ने आज सामाजिक संस्था हैल्पएज इंडिया के खलीनी स्थित डे केयर सेंटर का दौरा किया और सेंटर में विभिन्न प्रकार की गतिविधियों में शामिल होकर खुशगवार जीवन जी रहे वरिष्ठ नागरिकों का हाल-चाल जाना।

इस दौरान विधायक को अपने बीच पाकर उत्साहित बुजुर्गों ने अपने चहेते विधायक का दिल खोल कर स्वागत कर सर आंखों पर बिठाया। विधायक बनने के बाद पहली बार डे केयर सेंटर पहुंचे जनारथा से वरिष्ठ नागरिकों ने खुलकर बातचीत की और उन्हें पुनीत कार्य कर रही हैल्पएज इंडिया सामाजिक संस्था के डे केयर सेंटर में मिल रही स्वास्थ्य व अन्य सुविधाओं से अवगत करवाया ।
इस दौरान विधायक जनारथा ने बुजुर्गों की समस्याओं को भी सुना और उन्हें आने वाले समय में उनकी पूरी समस्याओं का निराकरण किए जाने का भरोसा दिलाया ।
इस अवसर पर हैल्पएज इंडिया के राज्य प्रमुख डॉ. राजेश कुमार विशेष तौर पर उपस्थित रहे और विधायक के डे केयर सेंटर पधारने पर उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत कर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया ।
इस दौरान विधायक हरीश जनारथा ने समाज हित में कार्य कर रही सामाजिक संस्थाओं के सेवा व सहयोग कार्यों की सराहना की और बुजुर्गों के हित में किए जा रहे कार्यों को जारी रखने का आह्वान किया । विधायक ने कहा कि बुजुर्गों को खुश देखकर उनका मन भी प्रफुल्लित हो उठा है, जनारथा ने कहा कि ये बुजुर्ग ही हैं जो अपने अनुभव से हमारा सही मार्गदर्शन करते हैं ।
इस दौरान विधायक ने हैल्पएज इंडिया के खलीनी सेंटर के संचालन में आ रही समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रख उनके समाधान करने की बात कही ।