December 16, 2025

किसी को भी मैदान में उतारे, कांग्रेस का सफाया होना तय: कश्यप

शिमला

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस नेताओं में अंतर्कलह और नेतृत्व की कमी के चलते आज उनके नेता फोन पर ही टिकट आवंटन कर रहे हैं। कांग्रेस को भरोसा नहीं हैं कि जनता के सामने टिकट की घोषणा करे क्योंकि उनके प्रत्याशी जीतने लायक ही नहीं हैं। सुरेश कश्यप ने कांग्रेस विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू के उस बयान को हास्यास्पद बताया जिसमें उन्होंने कहा था कि 40 टिकट फाइनल हो गए हैं और प्रत्याशियों को फोन पर सूचना दी जा चुकी है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के पास केंद्र से लेकर राज्य में न तो कोई नेता है और न ही नेतृत्व। इसके साथ-साथ कांग्रेस में होलीलॉज बनाम सुक्खू, मुकेश बनाम कौल सिंह और रामलाल ठाकुर की गुटबाजी की वजह से ही फोन पर टिकट फाइनल हो रहे हैं। हालत ये है कि प्रदेश को गारंटी दे रही कांग्रेस अपने नेताओं को टिकट की गारंटी नहीं दे पा रही।

सुरेश कश्यप ने कहा कि कांग्रेस लोगों के सामने यह बता नहीं पा रही है कि किस-किस को टिकट दिया है। यह बताता है कि कांग्रेस के पास ऐसा कोई चेहरा नहीं है जिसे लोगों के बीच ला सके। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि कांग्रेस की ओर से चुनावी मैदान में कोई भी आए, जीत तो भाजपा प्रत्याशियों की ही होगी। उन्होंने कहा कि लोगों के भय से आज कांग्रेस को फोन पर ही टिकटें फाइनल करने की नौबत आ चुकी है।