December 16, 2025

कांग्रेस की सरकार ने किया हिमाचल प्रदेश का विकासः मुख्यमंत्री

शिमला
कांग्रेस संसदीय पार्टी की नेता सोनिया गांधी ने आज शिमला के ऐतिहासिक रिज पर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया ।

इस दौरान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कांग्रेस संसदीय पार्टी की नेता सोनिया गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी का हिमाचल आने पर स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें तीस साल तक कांग्रेस में वीरभद्र सिंह के साथ काम करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह से बहुत कुछ सीखा और प्रदेश की जनता उन्हें सड़कों के नेता के रूप में जानती हैं। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने वर्ष 1971 में हिमाचल प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया, जबकि भाजपा के नेता ‘स्टेटहुड को मारो ठुड’ का नारा लगाते थे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश गांधी परिवार का ऋणी रहेगा, जिन्होंने इस प्रदेश के विकास के लिए भरपूर मदद दी। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी की सोच के कारण हिमाचल प्रदेश को आईआईटी मंडी, आईआईएम सिरमौर और केंद्रीय विश्वविद्यालय मिला। प्रियंका गांधी ने हिमाचल प्रदेश में अपना घर बनाया है, जिससे पर्यटन को फायदा हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का विकास कांग्रेस पार्टी की देन है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सोनिया गांधी जबकि उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रियंका गांधी को सम्मानित किया।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी रजनी पाटिल, पूर्व प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, सह प्रभारी विदित चौधरी और चेतन चौहान, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट व दीपेंद्र हुड्डा, मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायकगण, विभिन्न बोर्डों और निगमों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायकों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।