December 16, 2025

आज का दिन मेरे जीवन का सबसे भावनात्मक क्षण : विक्रमादित्य सिंह

शिमला
कांग्रेस संसदीय पार्टी की नेता सोनिया गांधी ने आज शिमला के ऐतिहासिक रिज पर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने वीरभद्र सिंह के जीवन पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सभी नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि आज का दिन मेरे जीवन का सबसे भावनात्मक क्षण है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने अपना पूरा जीवन जन सेवा के लिए समर्पित किया और प्रदेश में विकास का नया अध्याय लिखा है। आज उनकी प्रतिमा का अनावरण मात्र एक औपचारिक कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और जन-भावनाओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि लोगों के विश्वास पर खरा उतरना वीरभद्र सिंह की सोच का प्रतीक है। रोजगार, शिक्षा, सड़क और स्वास्थ्य क्षेत्र में उन्होंने अभूतपूर्व कार्य किया है। उन्होंने कहा कि मैं अपने पिता के दिखाए आदर्शों पर चलने की कोशिश कर रहा हूं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सोनिया गांधी जबकि उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रियंका गांधी को सम्मानित किया।

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी रजनी पाटिल, पूर्व प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, सह प्रभारी विदित चौधरी और चेतन चौहान, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट व दीपेंद्र हुड्डा, मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायकगण, विभिन्न बोर्डों और निगमों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायकों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।