अर्की विधानसभा क्षेत्र में 91884 मतदाता कर सकेंगे मताधिकार का प्रयोग – कृतिका

सोलन
जिला सोलन की अर्की विधानसभा क्षेत्र में 30 अक्तूबर, 2021 को होने जा रहे उप निर्वाचन में इस बार कुल 91,884 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं सोलन उपायुक्त कृतिका कुलहरी ने यह जानकारी देते हुए
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार उप निर्वाचन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर लिए जाने की बात कही। उन्होंने बताया कि अर्की निर्वाचन क्षेत्र के सभी 132 मतदान केन्द्रों के लिए मतदाता पार्टियां निर्धारित मतदान केन्द्र पर पहुंच चुकी हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि 30 अक्तूबर को होने वाले उप निर्वाचन में इस बार कुल 91884 मतदाता अपने मत डाल सकेंगे। इनमें 46483 पुरूष जबकि 45401 महिला मतदाता है जिनमें 1773 मतदाता 80 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के हैं। उन्होंने बताया कि अर्की विधानसभा क्षेत्र के कुल मतदाताओं में 15 मतदाता 100 वर्ष से अधिक आयु वाले हैं जबकि 90 से 99 वर्ष के आयुवर्ग के मतदाताओं की कुल संख्या 224 है। इसी तरह 80 से 89 वर्ष के मध्य कुल मतदाताओं की संख्या 1534 है। जबकि 908 दिव्यांग मतदाता हैं। स्वतन्त्र, निष्पक्ष मतदान के लिए अर्की विधानसभा क्षेत्र में कुल 132 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं। भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एवं कोविड-19 निर्देशों के अनुरूप 22 सहायक मतदान केन्द्र भी स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अर्की-I मतदान केन्द्र 50/61 तथा बातल-1 50/85 मतदान केन्द्र आदर्श मतदान केन्द्र रहेंगे। इसी तरह अर्की निर्वाचन क्षेत्र में 50/62-अर्की-II तथा 50/63 अर्की- III मतदान केन्द्रों का पूर्ण संचालन महिला कर्मियों द्वारा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र में 05 मतदान केन्द्र क्रिटीकल तथा 41 मतदान केन्द्र वलनरेबल मतदान केन्द्र घोषित किए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि उप निर्वाचन के लिए मतदान आरम्भ होने से पूर्व भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी नियमों का पालन करते हुए माॅक पोल भी आयोजित किया जाएगा। इस सम्बन्ध में उचित दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं उन्होंने कहा कि मतदान सुबह 8.00 बजे से सांय 6.00 बजे तक होगा।