सुक्खू सरकार का बस चले तो एक साल के पैदा हुए बच्चों और शादियों को भी डिनोटिफाई कर दे: भारद्वाज

शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार द्वारा सरकारी कार्यालयों को डिनोटिफाई करने के सिलसिले पर बीजेपी भड़क गई है और इसके विरोध में बीजेपी कार्यकर्ता से नेता तक सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन कर रहे हैं।
यहां बता दें कि नवनिर्वाचित सुक्खू सरकार ने पूर्व की बीजेपी सरकार के पिछले छह महीने के निर्णयों को रिव्यू करने का निर्णय लिया है, जिसके तहत 500 के लगभग संस्थानों को सरकार ने बंद कर दिया है। इस कारवाई से भड़की बीजेपी ने सुक्खू सरकार के निर्णयों को असंवैधानिक करार देते हुए सरकार पर अफसरशाही के हावी होने के आरोप लगाए हैं। बीजेपी ने आज विंभिन्न संस्थानों को बंद करने के विरोध में प्रदेश भर में जोरदार धरना प्रदर्शन किए और उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। इस दौरान बीजेपी के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कांग्रेस सरकार पर जबरदस्त जुबानी हमला बोला उन्होंने कहा कि इस सरकार का बस चले तो ये एक साल तक के पैदा हुए बच्चों और शादियों को भी डिनोटिफाई कर दे । भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस सरकार से मंत्रिमंडल का गठन तक तो नहीं हो पाया है और बिना कैबिनेट मीटिंग और समीक्षा के ही फंक्शनल हो चुके संस्थानों को बंद करने पर उतारू है। भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली के हिमाचल भवन से ही अब हिमाचल सरकार चल रही है।