जिला परिषद सदस्य की संदिग्ध अवस्था में मौत, सांगटी जंगल में पेड़ पर लटका मिला शव,जांच में जुटी पुलिस

शिमला

शिमला के समरहिल से सटे सांगटी जंगल में एक युवती का फांसी पर लटका शव मिला,जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक युवती की पहचान कविता कंटू (26) के रूप में हुई है जो रामपुर से संबंध रखती थीं। दिवंगत कविता रामपुर उपमंडल के झाकड़ी जिला परिषद वार्ड से जिप सदस्य थी, वहीं कविता रक्तदान के लिए भी हमेशा तत्पर रहती थी। बहरहाल अभी आत्महत्या के कारणों का पता नहीं लग पाया है। आज सुबह बालूगंज पुलिस को सूचना मिली कि समरहिल के सांगटी क्षेत्र में जंगल में युवती ने फांसी लगा ली है और शव पेड़ पर लटका है। जानकारी मिलते ही बालूगंज थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस दल मौके पर पहुंचा और शव को अपने कब्जे में लिया विशेष यह रहा कि इस दौरान फारेंसिक विशेषज्ञ भी मौके पर उपस्थित रहे । पुलिस मामले की तफतीश में जुट गई है। पढ़ाई में सदा अव्वल रहने वाली कविता की इन परिस्थितों में मौत ने आमजनमानस को झकजोर दिया है।