जनमंच कार्यक्रम को बंद ना करे सुक्खू सरकार : जयराम

शिमला
हिमाचल प्रदेश विधानसभा बजट सत्र के सातवें दिन प्रश्नकाल के बाद सदन में पूर्व सरकार द्वारा चलाए जा रहे जनमंच कार्यक्रम को लेकर खूब हंगामा हुआ। नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने पूछा कि क्या वर्तमान सरकार इस कार्यक्रम को बंद कर रही है। उन्होने मुख्यमंत्री से जनमंच कार्यक्रम को बंद ना करने का आग्रह किया और कहा कि जनमंच एक लोकप्रिय कार्यक्रम है और जनमंच में लोगों की शिकायतों का मौके पर निपटारा किया जाता है।
नेता विपक्ष ने कहा कि 43,821 भाजपा सरकार में जनमंच के माध्यम से 43,821 शिकायतों का हल हुआ है । वर्तमान सरकार इसको बंद करके गलत परंपरा शुरु कर रही है जिस पर मंत्री जगत सिंह नेगी ने दखल देते हुए कहा कि जनमंच कार्यक्रम लंच मंच में तब्दील हो गया था और पूर्व की सरकार में 5 करोड़ रुपए टेंट और लंच में फूंक दिए और कार्यक्रम में अधिकारियों की खूब बेइजती भी होती रही है।
इस बीच सदन में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने कहा कि प्रदेश में नई सरकार बनी है और व्यवस्था परिवर्तन का दौर चल रहा है सरकार जनमंच कार्यक्रम के स्थान पर कोई नया मंच लेकर आएगी और उस मंच में अधिकारियों को भी सम्मान दिया जाएगा साथ ही लोगों की समस्याओं का भी मौके पर निपटारा होगा। मुख्यमन्त्री के इतना कहते ही विपक्ष ने सदन में नारेबाजी शुरू कर दी और सदन की कार्यवाही को भी विधानसभा अध्यक्ष द्वारा 15 मिनट के लिए स्थगित कर दिया गया

नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार में बंद करने की जो प्रक्रिया शुरू हुई है वह खत्म होने का नाम नहीं ले रही है । जयराम ठाकुर ने कहा कि जनमंच जनता की समस्याओं को लेकर हिमाचल प्रदेश ही नहीं देशभर में विख्यात हुआ है और ऐसे में इस कार्यक्रम को बंद करना निंदनीय है ।