शिमला
सोमवार को नई दिल्ली में हुई कांग्रेस की राज्य चुनाव कमेटी की बैठक में मौजूदा विधायकों, राष्ट्रीय सचिवों और पूर्व प्रदेश अध्यक्षों को प्रत्याशी बनाने पर आम सहमति बनाते हुए इन सीटों के लिए पैनल की जगह सिर्फ एक-एक नाम हाईकमान को मंजूूरी के लिए भेझ कर 35 प्रत्याशियों के नाम लगभग तय कर दिए हैं। जिनमें 40 आवेदन वाली रही शिमला शहरी सीट से पैनल ने सात नाम भेजे हैं तो वहीं हमीरपुर सीट से भी 5 नाम भेजे गए हैं ।
राज्य कमेटी ने जो पैनल बनाए हैं उन पर अब स्क्रीनिंग कमेटी में चर्चा होगी। फिर केंद्रीय चुनाव कमेटी प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करेगी। सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में राज्य चुनाव कमेटी की बैठक हुई। इसमें पूर्व राज्यसभा सदस्य और वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा भी शामिल हुए। इस दौरान प्रदेश के 33 विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्याशियों के चयन के लिए राज्य कमेटी में खूब माथापच्ची हुई। पैनल पर स्क्रीनिंग कमेटी में चर्चा के बाद केंद्रीय चुनाव कमेटी प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करेगी ।
वर्तमान में कांग्रेस पार्टी के हिमाचल में कुल 20 विधायक हैं । इनमें मुकेश अग्निहोत्री, राजेन्द्र राणा, आशा कुमारी, रामलाल ठाकुर,धनीराम शांडिल, इंद्रदत्त लखनपाल, सुखविंदर सिंह सुक्खू,भवानी पठानिया,हर्षवर्धन चौहान, अनिरुद्ध सिंह, सुंदर सिंह ठाकुर, जगत सिंह नेगी, आशीष बुटेल, विक्रमादित्य सिंह, नंदलाल, संजय अवस्थी, रोहित ठाकुर, मोहनलाल ब्राक्टा, विनय कुमार, सतपाल सिंह रायजादा के नाम इनकी वर्तमान सीट के लिए भेजा गया है ।
सूत्रों के अनुसार नूरपुर से अजय महाजन, ज्वाली से चन्द्र कुमार, कसौली से विनोद सुल्तानपुरी, नालागढ़ से हरदीप बावा, लाहौल स्पीति से रवि ठाकुर, दून से रामकुमार, जसवां परागपुर से सुरेंद्र मनकोटिया, सुंदरनगर से सोहन लाल,भटियात से कुलदीप पठानिया और गगरेट से राकेश कालिया के नाम लगभग तय माने जा रहे हैं ।
इसके साथ साथ नगरोटा बगवां से रघुवीर बाली, घुमारवीं से राजेश धर्माणी व धर्मशाला सीट से सुधीर शर्मा के नाम भेजे गए हैं तो उधर द्रंग विधानसभा क्षेत्र से कौल सिंह ठाकुर, ठियोग सीट के लिए कुलदीप राठौर व चिंतपूर्णी सीट से कुलदीप कुमार के सिंगल नाम भेजे गए हैं ।
कांग्रेस के 68 में से 35 प्रत्याशियों के नामों पर बनी सहमति, शिमला-हमीरपुर सीट पैनल पर होगा मंथन

More Stories
बीपीएल सूची के नाम काटना, गरीबों को योजनाओं से बाहर करने का संगठित षड्यंत्र : राकेश जमवाल
मंडी से ऊना तक चलेगा जनजागरण अभियान, वरिष्ठ नेता करेंगे प्रेस वार्ताओं को संबोधित : भाजपा
पंजाबी गायक गैरी संधू ने मुख्यमंत्री से की भेंट